• Sun. Jun 14th, 2026

    जनकल्याण मेलों और स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से सरकार की योजनाओं का हुआ प्रचार-प्रसार

    Share

    जौनपुर, 14 जून 2026। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शासन के निर्देशानुसार जनपद में 5 जून से 21 जून 2026 तक “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” थीम के तहत व्यापक जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत विकास खंडों एवं नगरीय निकायों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं तथा उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है।

    जनपद के विभिन्न विकास खंडों में आयोजित चौपाल एवं जनकल्याण मेलों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया तथा लाभार्थियों को जागरूक किया गया। विकास खंड सुजानगंज में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी उपस्थित रहीं। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

    कार्यक्रम में विधायक डॉ. आर. के. पटेल का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। कृषि, स्वास्थ्य एवं पशुपालन विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने जनकल्याणकारी योजनाओं और नंदिनी कृषक समृद्धि योजना की विस्तृत जानकारी दी।

    विधायक डॉ. आर. के. पटेल ने नंदिनी योजना को किसानों और पशुपालकों के लिए लाभकारी बताते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों से इसका लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

    मेले में उपस्थित किसानों एवं पशुपालकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा पशुपालन विभाग की प्रचार सामग्री का वितरण भी किया गया।

    इसी क्रम में चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग द्वारा सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों तथा नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर बृहद स्वास्थ्य मेलों एवं हेल्थ कैंपों का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी कार्यालय स्थित प्रेक्षागृह में भी विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया गया।

    हेल्थ कैंपों में मरीजों को निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं तथा आयुष्मान गोल्डन कार्ड, टीबी मरीजों की जांच, मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं, शुगर एवं ब्लड प्रेशर जांच, गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, कुष्ठ रोगियों और मोतियाबिंद के मरीजों का चिन्हांकन किया गया।

    चिकित्सा विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 12 जून को विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंसू’ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्हें विभाग की उपलब्धियों से अवगत कराया गया। साथ ही आशा, एएनएम, सीएचओ और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं एवं विभागीय उपलब्धियों की जानकारी दी गई।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed