• Sat. May 2nd, 2026

    बारात में जा रहे दूल्हे की गोली मारकर हत्या, प्रेम विवाह से नाराज ममेरे भाई ने रची साजिश

    Share

    कार रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग, मौके पर मौत; तीन आरोपी नामजद, गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित

    जौनपुर में एक सनसनीखेज वारदात में बारात लेकर जा रहे 22 वर्षीय दूल्हे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह दिल दहला देने वाली घटना शुक्रवार रात उस समय हुई, जब दूल्हा अपनी बारात लेकर दुल्हन के घर जा रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि दुल्हन के ममेरे भाई ने प्रेम विवाह से नाराज होकर इस हत्याकांड की साजिश रची और अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी प्रदीप बिंद ने अपने साथी रवि यादव के साथ मिलकर दूल्हे आजाद बिंद की हत्या की। घटना के समय दोनों आरोपी बाइक से पहुंचे और दूल्हे की कार को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद उन्होंने चेहरा ढककर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से दूल्हे आजाद बिंद की मौके पर ही मौत हो गई।

    घटना सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडऊर गांव निवासी रामलखन बिंद के पुत्र आजाद बिंद की है। शुक्रवार को उसकी शादी खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव में तय थी। रात करीब 8 बजे बारात निकली थी, जिसमें तीन गाड़ियां शामिल थीं। दूल्हा आगे वाली कार में बैठा था, जबकि अन्य गाड़ियों में परिजन सवार थे। चश्मदीद और मृतक के छोटे भाई आकाश ने बताया कि घटना के समय उनकी कार सड़क किनारे खड़ी थी और पीछे आ रही बारात का इंतजार कर रही थी। तभी अपाचे बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। दोनों ने मुंह पर गमछा बांध रखा था और आंखों पर चश्मा लगा रखा था। बाइक की नंबर प्लेट भी ढकी हुई थी।

    आरोपियों ने कार का शीशा खटखटाया। जैसे ही दूल्हे ने शीशा नीचे किया, पीछे बैठे हमलावर ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां दूल्हे के पेट और जबड़े में लगीं, जिससे वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा। ड्राइवर जान बचाकर भाग गया, जबकि पीछे बैठे आकाश ने किसी तरह झुककर अपनी जान बचाई। घटना के बाद पीछे आ रही बारातियों की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। परिजन तुरंत आजाद को नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने वारदात के बाद दुल्हन सोनी बिंद से पूछताछ की। उसने अपने ममेरे भाई प्रदीप बिंद, उसके साथी रवि यादव और भोले राजभर के नाम बताए। जांच में सामने आया कि भोले राजभर ने ही आरोपियों को दूल्हे की लोकेशन उपलब्ध कराई थी।

    पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और प्रत्येक पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। साथ ही दुल्हन पक्ष के कुछ रिश्तेदारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के हाथ लगे हैं, जिसमें आरोपी वारदात के बाद भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के आने-जाने का रूट मैप तैयार करना शुरू कर दिया है।

    दुल्हन सोनी ने पुलिस को बताया कि उसका और आजाद का दो साल से प्रेम संबंध था। दोनों दूर के रिश्तेदार थे और एक शादी समारोह में उनकी मुलाकात हुई थी। छह महीने पहले परिवार की सहमति से उनकी शादी तय हुई थी। हालांकि, उसका ममेरा भाई प्रदीप इस रिश्ते से नाराज था और कई बार उसने विरोध भी किया था। सोनी ने बताया कि प्रदीप दो दिन पहले ही शादी में शामिल होने के बहाने घर आया था और फिर बिना बताए चला गया। उसी ने इस वारदात को अंजाम दिया।

    घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अचानक चीख-पुकार और सन्नाटा छा गया। दुल्हन के घर में बारात के स्वागत की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। घर को रोशनी से सजाया गया था, मंडप तैयार था और बारातियों के खाने-पीने की व्यवस्था भी कर ली गई थी, लेकिन दूल्हे की हत्या की खबर मिलते ही सारी खुशियां मातम में बदल गईं। दुल्हन के भाई ने बताया कि वे लोग बारात के स्वागत की तैयारी में जुटे थे और सूचना मिली थी कि बारात आधे घंटे में पहुंचने वाली है। तभी अचानक फोन आया कि दूल्हे को गोली मार दी गई है। यह सुनते ही पूरे परिवार में हड़कंप मच गया।

    मृतक के पिता रामलखन बिंद ने बताया कि उन्हें फोन पर बेटे को गोली लगने की जानकारी मिली। उन्होंने यह भी बताया कि तीन साल पहले भी उनके बेटे और उन पर जानलेवा हमला हुआ था, जिसमें गंभीर चोटें आई थीं। उस मामले में भी मुकदमा दर्ज हुआ था, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस के अनुसार, मृतक आजाद बिंद के खिलाफ पहले से मारपीट के दो मामले दर्ज थे। वहीं मुख्य आरोपी प्रदीप बिंद और रवि यादव के खिलाफ जौनपुर और आजमगढ़ के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उन पर गैंगस्टर एक्ट भी लग चुका है। तीसरे आरोपी भोले राजभर के बारे में पुलिस ने बताया कि वह एक भाजपा नेता और जिला पंचायत सदस्य का भाई है। उसके खिलाफ भी गैंगस्टर एक्ट का मामला दर्ज है। इस हत्याकांड ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है। वहीं, मृतक के घर में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *