मड़ियाहूं। अपना दल (एस) की मछलीशहर जिला इकाई द्वारा शुक्रवार को मड़ियाहूं स्थित जिला कार्यालय में राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। वक्ताओं ने उनके सामाजिक न्याय, शिक्षा और समानता के विचारों को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष माताबदल तिवारी ने कहा कि शाहूजी महाराज ने दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए तथा वर्ष 1902 में 50 प्रतिशत आरक्षण लागू कर सामाजिक न्याय की मजबूत नींव रखी। प्रदेश सचिव सुनील पटेल और प्रदेश महासचिव ललई सरोज ने उनके सामाजिक सुधार, महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संचालन योगेंद्र पटेल ने किया।

