• Fri. Jun 12th, 2026

    कार-टेंपो की जोरदार भिड़ंत में टेंपो चालक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

    Share

    मड़ियाहूं, जौनपुर। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के देल्हूपुर मोड़ स्थित शीतलगंज में शुक्रवार दोपहर कार और टेंपो की आमने-सामने हुई भिड़ंत में टेंपो चालक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार सदलपुर गांव निवासी साहब लाल यादव (40) टेंपो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे वह मड़ियाहूं से टेंपो लेकर अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह देल्हूपुर मोड़ स्थित शीतलगंज के पास पहुंचे, जौनपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनके टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी।

    हादसे में गंभीर रूप से घायल साहब लाल यादव को स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। पत्नी सीमा देवी और माता शिव कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे दो पुत्र अनुराग और आदर्श को छोड़ गए हैं।

    प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed