बक्शा, जौनपुर। विकासखंड के उमरपुर गांव स्थित पंचायत भवन पर रविवार को निःशुल्क नेत्र स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक चले शिविर में करीब 300 से अधिक मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में नेत्र और हृदय संबंधी रोगों की निःशुल्क जांच के साथ मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श, दवाएं और उपचार उपलब्ध कराया गया।

निदेव नेत्रालय के नेत्र सर्जन डॉ. देवेंद्र कुमार यादव और शांतिंकुंज मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सूर्य प्रकाश यादव ने मरीजों की जांच की। डॉ. देवेंद्र ने लोगों को 40 वर्ष की उम्र के बाद नियमित रूप से आंखों की जांच कराने और जागरूक रहने की सलाह दी। वहीं डॉ. सूर्य प्रकाश यादव ने हृदय रोगों से बचाव के लिए खानपान में सुधार पर जोर दिया।
ग्राम प्रधान विजय बहादुर यादव ‘गुड्डू’ ने चिकित्सकों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि गांव में आयोजित ऐसे शिविरों से गरीब और जरूरतमंद लोगों को काफी लाभ मिलता है। शिविर में शुभम यादव, डॉ. विनोद यादव, विपिन यादव, अखंड यादव, मयंक यादव, ललित यादव समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


