• Sun. Jul 26th, 2026

    जौनपुर में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, 20 शिक्षकों को वितरित किए गए कार्ड

    Share

    जौनपुर। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ रविवार को जौनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लाइव प्रसारण के माध्यम से प्रदेशव्यापी शुभारंभ के साथ ही जनपद में 20 शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए।

    कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मड़ियाहूं विधायक आर.के. पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन., मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर, जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन नूपुर श्रीवास्तव ने किया।

    मुख्य अतिथि विधायक आर.के. पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के सम्मान और उनके सामाजिक सुरक्षा कवच को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना से शिक्षक और उनके आश्रित परिवार गंभीर बीमारी की स्थिति में आर्थिक चिंता से मुक्त होकर बेहतर उपचार प्राप्त कर सकेंगे।

    जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि यह योजना शिक्षकों की स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पात्र शिक्षक योजना का लाभ प्राप्त करें और कार्ड वितरण की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए।

    जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने कहा कि शिक्षकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा से शिक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। उन्होंने बताया कि पात्र शिक्षकों को योजना से जोड़ने की प्रक्रिया लगातार जारी है और उन्हें योजना के लाभों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।

    कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों को योजना की पात्रता, सूचीबद्ध अस्पतालों में उपलब्ध कैशलेस चिकित्सा सुविधा तथा स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर जनपद के 20 शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड प्रदान किए गए।

    बताया गया कि इस योजना के माध्यम से प्रदेश के 1.28 लाख से अधिक शिक्षकों और उनके आश्रित परिवारों को सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे शिक्षकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

    Trim

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *