• Mon. Jun 8th, 2026

    विवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

    BySatyameva Jayate News

    Jun 7, 2026
    Share

    जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के महुआरी बनकट गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

    मृतका की पहचान प्रयागराज जनपद के मीठपुर गांव निवासी 24 वर्षीय रोशनी बानो के रूप में हुई है। उसका विवाह वर्ष 2020 में महुआरी बनकट निवासी सुबराती पुत्र मुंशी के साथ हुआ था। रोशनी अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई है, जिनकी उम्र क्रमशः चार, तीन और दो वर्ष बताई जा रही है।

    मृतका की मां मौसमी बेगम ने बरसठी थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाता था। उनका कहना है कि पति, ससुर और परिवार के अन्य सदस्य अक्सर उसके साथ मारपीट करते थे और मानसिक रूप से परेशान करते थे।

    परिजनों के अनुसार, बीते 7 मई को कथित मारपीट के बाद रोशनी अपने मायके चली गई थी। बाद में गांव की पंचायत और समझौते के बाद उसे वापस ससुराल भेज दिया गया। मौसमी बेगम का आरोप है कि 5 जून को भी रोशनी ने फोन पर दहेज उत्पीड़न की जानकारी दी थी। घटना वाले दिन भी उसने रोते हुए परिजनों से बातचीत की थी, जिसके कुछ समय बाद उसके फांसी लगाने की सूचना मिली।

    सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि उन्हें रोशनी का शव घर के बाहर एक खाट पर पड़ा मिला और शरीर पर कई जगह चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, ससुराल पक्ष उसे इलाज के लिए मछलीशहर ले गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार के अधिकांश सदस्य घर छोड़कर चले गए।

    बरसठी थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। उन्होंने कहा कि परिजनों की तहरीर के आधार पर सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है तथा जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed