• Tue. Jul 7th, 2026

    बी-पैक्स के सुदृढ़ीकरण से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था: जिलाधिकारी

    Share

    जौनपुर, 07 जुलाई 2026। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित जन सुनवाई कक्ष में डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव डेवलपमेंट कमेटी (डीसीडीसी) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सहकारिता विभाग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

    बैठक के दौरान नवगठित बी-पैक्स (बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियों) के गठन, उन्हें भूमि आवंटन, बी-पैक्स की भूमि को भू-राजस्व अभिलेखों में दर्ज कराने, समितियों के कम्प्यूटरीकरण और सोलर रूफ टॉप लगाए जाने सहित कई बिंदुओं पर चर्चा की गई।

    जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सहकारिता विभाग से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाए, जिससे जनपद में सहकारी संस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

    उन्होंने कहा कि बी-पैक्स के मजबूत होने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी और किसानों को सहकारिता योजनाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा। जिलाधिकारी ने भूमि आवंटन और अभिलेखीय कार्यवाही को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि नवगठित बी-पैक्स सुचारु रूप से कार्य शुरू कर सकें।

    उन्होंने पैक्स के कम्प्यूटरीकरण और सोलर रूफ टॉप जैसे आधुनिक प्रयासों को तेजी से आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया। साथ ही नवगठित समितियों के सचिवों को आवश्यक प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए।

    बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता ब्रजेश पाठक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *