• Fri. Jun 19th, 2026

    नीट परीक्षा के लिए रोडवेज की विशेष तैयारी, जौनपुर डिपो से 107 बसें रहेंगी उपलब्ध

    Share

    जौनपुर। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) 21 जून को आयोजित की जाएगी। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जौनपुर डिपो ने विशेष व्यवस्था की है। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए विभिन्न मार्गों पर अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा, जिससे उन्हें आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

    सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) स्नेहलता ने बताया कि जौनपुर डिपो की ओर से विभिन्न रूटों पर पहले से संचालित 66 बसों को लगाया गया है। इसके अलावा परीक्षार्थियों की संभावित संख्या को देखते हुए 34 अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है। साथ ही, सात स्पेयर बसें भी रिजर्व रखी गई हैं। इस प्रकार डिपो के पास कुल 107 बसों का बेड़ा उपलब्ध रहेगा, जिसे आवश्यकता के अनुसार संचालित किया जाएगा।

    उन्होंने बताया कि विशेष बस सेवाएं जौनपुर-प्रयागराज-आजमगढ़-गोरखपुर, जौनपुर-सुल्तानपुर-लखनऊ-कानपुर, जौनपुर-वाराणसी-शाहगंज, जौनपुर-अकबरपुर-अयोध्या-रूपईडीहा, जौनपुर-मिर्जापुर-शक्तिनगर, जौनपुर-केराकत-चंदवक-वाराणसी, रामनगर-बदलापुर-जौनपुर-वाराणसी, कंधी-बदलापुर-जौनपुर-वाराणसी, रानीपुर-जौनपुर-प्रयागराज तथा जौनपुर-मऊ सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर संचालित की जाएंगी।

    एआरएम स्नेहलता ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर अन्य डिपो और क्षेत्रों से भी अतिरिक्त बसें जौनपुर के लिए मंगाई जा सकती हैं। परीक्षार्थियों की संख्या और उपलब्धता को देखते हुए बसों के फेरों में भी वृद्धि की जाएगी, ताकि किसी भी छात्र को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो।

    रोडवेज प्रशासन ने परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों से समय से पहले बस अड्डे पहुंचने और यात्रा के दौरान आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की है। विभाग का प्रयास है कि नीट परीक्षा के दिन परिवहन व्यवस्था सुचारु रहे और सभी अभ्यर्थी समय पर अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed