• Thu. Jun 18th, 2026

    जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न, बिजली आपूर्ति व सुरक्षा को लेकर दिए कड़े निर्देश

    Share

    जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, उपभोक्ता सेवाओं एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

    बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने आगामी मोहर्रम पर्व को देखते हुए सभी अधिकारियों को प्रमुख जुलूस मार्गों की जानकारी रखने तथा अंजुमन समितियों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर लाइन स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा जुलूस मार्गों पर किसी भी विद्युत दुर्घटना की आशंका होने पर तत्काल आपूर्ति बंद कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

    उन्होंने निर्देश दिया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस एवं नीट परीक्षा के मद्देनजर उस दिन किसी भी प्रकार के अनुरक्षण या निर्माण कार्य के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित न हो। किसी भी ब्रेकडाउन की स्थिति में तत्काल मरम्मत कर आपूर्ति बहाल की जाए।

    जिलाधिकारी ने कहा कि रात्रि चौपाल कार्यक्रमों के दौरान संबंधित क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा जहां जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति हो, वहां संबंधित अधिशासी अभियंता स्वयं मौजूद रहें।

    आईजीआरएस प्रकरणों की समीक्षा में बताया गया कि विद्युत वितरण खंड-तृतीय, जौनपुर में 70 प्रतिशत उपभोक्ता संतुष्टि दर्ज की गई है। इस पर जिलाधिकारी ने अन्य खंडों को भी उपभोक्ता संतुष्टि बढ़ाने के निर्देश दिए।

    उन्होंने ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में ट्रांसफार्मर खराब न होने पाए। खराब होने पर उसे निर्धारित समय में बदला जाए तथा ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि सुनिश्चित की जाए। साथ ही उचित क्षमता के फ्यूजों का प्रयोग करने के निर्देश भी दिए गए।

    जिलाधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं को समय पर सही बिजली बिल उपलब्ध कराए जाएं तथा राजस्व वसूली में सुधार किया जाए। बिजली चोरी से जुड़े मामलों में अंतिम रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

    उन्होंने सभी वितरण ट्रांसफार्मरों की स्मार्ट मीटरिंग शीघ्र पूर्ण करने, वर्षा ऋतु से पहले विद्युत पोलों की अर्थिंग कराने तथा लाइनों के संपर्क में आने वाली पेड़ों की शाखाओं की छंटाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की जन या पशु हानि की घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा लापरवाही पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।

    बैठक में थ्रू रेट, कलेक्शन एफिशिएंसी, बिलिंग एफिशिएंसी एवं एबीआर जैसे मानकों में डिस्कॉम के औसत से बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

    बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed