जौनपुर (मछलीशहर)। उपजिलाधिकारी अजय कुमार उपाध्याय की अध्यक्षता में सोमवार को तहसील सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित 349 शिकायतें प्राप्त हुईं, लेकिन किसी भी मामले का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका।
उपजिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए निर्देश दिया कि अधिकारी स्थलीय निरीक्षण कर दो सप्ताह के भीतर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें और रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें भूमि विवाद, अतिक्रमण और जल निकासी से संबंधित रहीं। उपजिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर दोनों पक्षों की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर विवादों का निष्पक्ष निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा, तहसीलदार हुसैन अहमद, खंड विकास अधिकारी अंजली भारतीय, नायब तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

