जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के बंदीपुर स्थित अंग्रेजी शराब व बीयर की कंपोजिट दुकान के सेल्समैन की बीती रात बीयर का पैसा मांगने पर स्कार्पियो सवार मनबढ़ों ने पिटाई कर दी। बीच-बचाव कर रहे लाइसेंसी शुभम जायसवाल पर पत्थर से वार किया। आसपास के लोग जुटने लगे तो दुकान पर पथराव करते हुए मनबढ़ भाग गए। लाइसेंस धारक शुभम जायसवाल सेल्समैन विनय सिंह के साथ दुकान में बैठकर हिसाब कर रहे थे। उसी समय काले रंग की स्कार्पियो से तीन-चार की संख्या में पहुंचे मनबढ़ों ने बीयर मांगा। विनय सिंह ने बीयर निकालकर काउंटर पर रख दिया। उनमें से एक बीयर उठाकर जाने लगा। विनय सिंह ने दुकान से बाहर निकलकर पैसा मांगा तो वह मारने-पीटने लगा। बीच-बचाव के लिए शुभम बाहर निकले तो मनबढ़ ने उनके ऊपर ईंट से वार किया, लेकिन वह बच गए। मनबढ़ युवक दुकान पर पथराव कर धमकी देते हुए स्कार्पियो से भाग गए। शुभम ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।


