मुआवजा पाए दो किसानों ने पूर्वांचल किसान संगठन को दी आर्थिक सहायता
जौनपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग 233 के निर्माण से प्रभावित किसानों को जिला प्रशासन द्वारा दिए जा रहे मुआवजे से किसान संतुष्ट नहीं है। किसान ब्याज सहित मुआवजे की मांग कर रहे हैं। पूर्वांचल किसान संगठन के तत्वावधान में किसानों की बैठक हुई जिसमें संगठन ने मुआवजा पर ब्याज दिलाने के लिए संघर्ष करने की हुंकार भरी। घोषणा की जब तक किसानों को मुआवजे पर ब्याज नहीं मिलता संघर्ष जारी रहेंगा। मुआवजा पाए दो किसानों ने संगठन को संघर्ष करने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की।
राष्ट्रीय राजमार्ग 233 के निर्माण से प्रभावित किसानों की बैठक पूर्वांचल किसान संगठन के चंदवक स्थित कार्यालय पर किसान नेता अजीत सिंह की अध्यक्षता में हुई। किसानों का कहना था कि जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जा रहा है। 68 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। लेकिन मुआवजे की राशि पर ब्याज नहीं दिया जा रहा है। जबकि नियमानुसार 2015 से मुआवजे की संपूर्ण धनराशि पर 9 प्रतिशत से लेकर 15 प्रतिशत तक ब्याज दिया जाना चाहिए। जिला प्रशासन व एनएचएआई मुआवजे के वितरण में नियम विरुद्ध प्रकिया अपना रही हैं। अपने अध्यक्षीय संबोधन में किसान नेता अजीत सिंह ने कहा कि मुआवजे की संपूर्ण धनराशि पर ब्याज की मांग किसानों की जायज है और नियम संमत भी है।पूर्वांचल किसान संगठन किसानों के साथ है। मुआवजे पर नियमानुसार ब्याज मिले इसके लिए संगठन हर स्तर पर प्रभावी लड़ाई लड़ेगा। किसान श्याम बहादुर सिंह हरदासीपुर व अनिल पांडेय परसुपुर ने संगठन को पांच पांच हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की। बैठक में किसान सूर्यनाथ सिंह, ठाकुर प्रसाद पांडेय,हरिप्रसाद सिंह,अरविंद पांडेय,रामेश्वर सिंह, जयप्रकाश राम, राम सहाय नाविक सुजीत सिंह, जयकेश भाष्कर सहित अन्य लोग थे।


