• Tue. Jun 16th, 2026

    मुहर्रम को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की तैयारियां तेज

    Share

    जौनपुर, 16 जून 2026। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. तथा पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

    बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि मुहर्रम के जुलूस निर्धारित मार्गों एवं पारंपरिक स्वरूप में ही निकाले जाएं तथा किसी भी नई परंपरा की अनुमति न दी जाए। उन्होंने कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, साफ-सफाई, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।

    जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को मुहर्रम के दौरान आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ रखने के निर्देश देते हुए एम्बुलेंस, सीएचसी, पीएचसी तथा अन्य स्वास्थ्य केंद्रों को पूरी तरह तैयार रखने को कहा। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा लोक निर्माण विभाग एवं जल निगम को जुलूस मार्गों की सड़कों की मरम्मत एवं आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। वहीं नगर निकायों को साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया।

    उन्होंने जुलूसों में पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा नेहरू युवा केंद्र एवं सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों की सहभागिता बढ़ाने पर बल दिया। साथ ही तहसील स्तर के अधिकारियों को सतर्क रहकर तैयारियों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

    पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने कहा कि जनपद में पूर्व में भी त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए गए हैं और मुहर्रम भी सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा प्रारंभ नहीं होने दी जाएगी तथा ताजियों की ऊंचाई और चौड़ाई निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रहेगी।

    उन्होंने कहा कि किसी भी सूचना अथवा समस्या के समाधान के लिए पुलिस एवं प्रशासन 24 घंटे उपलब्ध रहेगा। मुहर्रम के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु रखते हुए आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

    बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह सहित शांति समिति के सदस्य एवं जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed