जौनपुर के मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के अटरिया गांव के पास जमालापुर-बाबतपुर मार्ग पर आवारा पशुओं के जमावड़े से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर बड़ी संख्या में घूम रहे पशुओं के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार पशु आपस में लड़ने लगते हैं, जिससे राहगीरों को जान जोखिम में डालकर रास्ता पार करना पड़ता है। लोगों को हमेशा इस बात का डर बना रहता है कि कहीं कोई पशु हमला न कर दे या दुर्घटना का कारण न बन जाए। स्थानीय निवासी रामखेलावन, मनीष, आजाद और अजय ने बताया कि आवारा पशुओं से किसान ही नहीं, बल्कि आम लोग भी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। इस संबंध में पशुपालन अधिकारी प्रशांत पटेल ने रविवार की सुबह करीब 10 बजे बताया कि आवारा पशुओं को पकड़कर गौशाला भेजने के लिए टीम गठित की गई है और लगातार अभियान चलाया जा रहा है।


