• Thu. Jun 18th, 2026

    केराकत में “वन डे गवर्नेंस” कार्यक्रम का आयोजन, 2007 आवेदनों का हुआ निस्तारण

    Share

    केराकत, जौनपुर। शासन की योजनाओं एवं जनसेवाओं को आमजन तक त्वरित रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को केराकत तहसील सभागार में “वन डे गवर्नेंस” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी सुनील कुमार भारती ने की।

    कार्यक्रम में आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, राशन कार्ड, आधार सेवाएं, खतौनी की नकल, प्रधानमंत्री आवास योजना, छात्रवृत्ति, कृषि, पशुपालन एवं स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर तहसील सभागार पहुंचे।

    उपजिलाधिकारी सुनील कुमार भारती ने कहा कि शासन की मंशा है कि आम जनता को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और अधिकतम सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएं।

    2007 आवेदनों का मौके पर निस्तारण

    कार्यक्रम में कुल 2007 आवेदनों का निस्तारण किया गया। इनमें 84 जन्म एवं 41 मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किए गए, जबकि नगर पंचायत क्षेत्र में 17 जन्म एवं 4 मृत्यु प्रमाण पत्र बनाए गए। 3 किसानों का ई-केवाईसी किया गया तथा 5 किसानों को मिनी बाजरा किट प्रदान की गई।

    इसके अलावा 3 वृद्धावस्था एवं 2 विधवा पेंशन से संबंधित ई-केवाईसी पूर्ण की गई। बिजली बिल से जुड़े 9 मामलों में 7 का त्वरित निस्तारण किया गया। साथ ही 3 अंत्योदय एवं 12 पात्र गृहस्थी राशन कार्ड जारी किए गए।

    राजस्व विभाग से संबंधित मामलों में 1417 आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, 263 वरासत मामलों तथा 143 खतौनी में नाम, अंश, पता एवं अन्य त्रुटियों का सुधार कर खतौनी जारी की गई।

    इसके अतिरिक्त गंगौली में संजय बनाम पतिराज मामले में धारा 25 के अंतर्गत सीमांकन कर अतिक्रमण हटवाया गया। ग्राम पेसारा एवं ग्राम कुंडी में ग्राम प्रधानों के प्रार्थना पत्र पर चकमार्ग का सीमांकन कराया गया। अन्य राजस्व प्रकरणों के निस्तारण की कार्रवाई भी जारी है।

    कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed