जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध जौनपुर और गाजीपुर के 50 प्रतिशत से अधिक महाविद्यालयों द्वारा विभिन्न पाठ्यक्रमों के आंतरिक, सेशनल, प्रायोगिक एवं डिसर्टेशन के अंक अब तक पोर्टल पर अपलोड नहीं किए गए हैं। इससे हजारों विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से लगातार निर्देश जारी किए जाने के बावजूद बड़ी संख्या में महाविद्यालयों ने निर्धारित प्रक्रिया पूरी नहीं की है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने सोमवार को तीसरी बार “अति आवश्यक” श्रेणी में निर्देश जारी करते हुए महाविद्यालयों को चेतावनी दी है।
परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि विश्वविद्यालय का मूल्यांकन कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है और अंकों का संकलन भी अंतिम चरण में है। कई पाठ्यक्रमों के परीक्षा परिणाम घोषित किए जा चुके हैं, लेकिन कुछ महाविद्यालयों द्वारा आंतरिक, सेशनल, प्रायोगिक एवं डिसर्टेशन के अंक अपलोड नहीं किए जाने के कारण शेष परिणामों की घोषणा में बाधा उत्पन्न हो रही है।
विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी महाविद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने यहां संचालित सभी पाठ्यक्रमों और विषयों के आंतरिक, सेशनल, प्रायोगिक एवं डिसर्टेशन के अंक 25 जून तक हर हाल में संबंधित पोर्टल पर अपलोड करें, ताकि समय पर परीक्षा परिणाम जारी किए जा सकें।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा तक अंक अपलोड नहीं होने की स्थिति में संबंधित महाविद्यालय स्वयं इसके लिए उत्तरदायी होंगे।

