जौनपुर। जनपद में फाइलेरिया (लिंफोडिमा) मरीजों के लिए रुग्णता प्रबंधन एवं दिव्यांगता रोकथाम को लेकर विशेष कैंप का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 23 मरीजों को प्रशिक्षण देकर एमएमडीपी (MMDP) किट का वितरण किया गया।
ब्लॉक करंजकला के आयुष्मान आरोग्य मंदिर परशुरामपुर में जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव के नेतृत्व में आयोजित कैंप में सीएचओ श्रीमती रेणुका यादव के सहयोग से 8 फाइलेरिया मरीजों को रुग्णता प्रबंधन, साफ-सफाई, घाव की देखभाल, नियमित धुलाई तथा व्यायाम (एक्सरसाइज) के बारे में विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद सभी मरीजों को एमएमडीपी किट प्रदान की गई।

कैंप में पाथ संस्था के डीओ अमरेश कुमार तथा पीसीआई के शिवम पांडेय ने भी मरीजों को रुग्णता प्रबंधन एवं देखभाल संबंधी आवश्यक जानकारी दी।
इसी क्रम में 22 मई को खुटहन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर अधीक्षक डॉ. आरिफ के नेतृत्व में एक अलग कैंप आयोजित किया गया। इसमें पाथ डीओ अमरेश कुमार और बीसीपीएम राजेश गौतम के सहयोग से 15 मरीजों को प्रशिक्षण देकर एमएमडीपी किट वितरित की गई।

दोनों स्थानों पर आयोजित कार्यक्रम में मरीजों को नियमित देखभाल, स्वच्छता और व्यायाम के महत्व की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण एवं सहायता प्राप्त कर मरीजों ने प्रसन्नता व्यक्त की और इस पहल की सराहना की।

