• Sat. May 23rd, 2026

    थाना समाधान दिवस पर जिलाधिकारी की जनसुनवाई, कई मामलों का मौके पर निस्तारण

    Share

    जौनपुर। थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. ने कोतवाली जौनपुर में जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया।

    जनसुनवाई के दौरान रासमंडल निवासी राहुल राय पुत्र रमेश राय ने पड़ोसी से प्लास्टर कार्य को लेकर हुए विवाद की शिकायत दर्ज कराई। इसी तरह प्रियंका श्रीवास्तव पुत्री आशीष ने ताला खुलवाने से संबंधित समस्या रखी। जिलाधिकारी ने दोनों मामलों को तत्काल संज्ञान में लेते हुए मौके पर ही समाधान कराया।

    इसके अलावा जितेंद्र कुमार, पुष्पेन्द्र पाल, तथा अशोक कुमार जायसवाल व अनुराग गुप्ता (निवासी तारतला) के प्रार्थना पत्रों को संबंधित थाना प्रभारी (एसएचओ) को हस्तांतरित करते हुए निर्देश दिया गया कि इन मामलों का मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

    जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त होने वाली शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद एवं राजस्व से संबंधित मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर जांच करे तथा निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

    उन्होंने स्पष्ट कहा कि फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी कार्यवाही की जाए, ताकि आमजन को त्वरित और न्यायपूर्ण समाधान मिल सके।

    इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह, संबंधित थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *