• Wed. Jul 8th, 2026

    जौनपुर में विशेष लोक अदालत व ‘समाधान समारोह’ की तैयारियों पर बैठक

    Share

    जौनपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश सुशील कुमार शशि की अध्यक्षता में दीवानी न्यायालय के बैठक कक्ष में समस्त न्यायिक अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले विशेष लोक अदालत ‘समाधान समारोह’, 18 जुलाई 2026 को आयोजित विशेष लोक अदालत तथा ‘राष्ट्र के नाम मध्यस्थता अभियान 2.0’ के व्यापक प्रचार-प्रसार पर चर्चा की गई।

    सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने बताया कि जनपद न्यायाधीश ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 10 जुलाई, 22 जुलाई और 7 अगस्त 2026 को प्रस्तावित बैठकों में पक्षकारों के बीच मध्यस्थता कराकर सर्वोच्च न्यायालय में लंबित अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण कराया जाए।

    इसके साथ ही धारा 138 एनआई एक्ट से संबंधित मामलों को 18 जुलाई को आयोजित विशेष लोक अदालत के लिए चिन्हित कर संबंधित पक्षकारों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

    बैठक में जनपद न्यायाधीश ने कहा कि मध्यस्थता के माध्यम से विवादों का स्थायी समाधान होता है और पक्षकारों के बीच कटुता समाप्त होकर सौहार्दपूर्ण वातावरण बनता है, जो समाज और राष्ट्र के विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को ‘राष्ट्र के नाम मध्यस्थता अभियान 2.0’ का व्यापक प्रचार-प्रसार कर आमजन को मध्यस्थता के लाभों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *