• Sat. Jun 13th, 2026

    किराये के कमरे में मिला लेखपाल का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

    Share

    जौनपुर। मड़ियाहूं तहसील में तैनात एक लेखपाल का शव बुधवार सुबह उनके किराये के कमरे में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

    मृतक की पहचान दारा सिंह चौहान (59) पुत्र निवासी खातापुर चौहान बस्ती, थाना सारनाथ, वाराणसी के रूप में हुई है। वह मड़ियाहूं तहसील के भंवरास क्षेत्र में लेखपाल के पद पर तैनात थे और दिलावरपुर मौर्य कटरा में किराये के कमरे में रहते थे।

    जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब दो बजे वह अपने कमरे पर पहुंचे और दरवाजा बंद कर आराम करने चले गए। बुधवार सुबह काफी देर तक कमरा नहीं खुलने पर आसपास के लोगों को संदेह हुआ। कई बार आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।

    मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, जहां लेखपाल का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

    तहसीलदार राकेश कुमार ने बताया कि दारा सिंह चौहान कुछ समय से अस्वस्थ थे और रक्तचाप की दवा ले रहे थे। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed