जौनपुर, 23 जून। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने मंगलवार को शहर के भारत लाइब्रेरी, दृष्टि आईएएस इंस्टीट्यूट और सक्सेस पाठशाला का आकस्मिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा, एंट्री-एग्जिट व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा और अग्निशमन (फायर सेफ्टी) मानकों की गहन जांच की गई।

निरीक्षण में दृष्टि आईएएस इंस्टीट्यूट में इलेक्ट्रिकल वायरिंग, कंट्रोल प्वाइंट, फायर अलार्म सहित कई सुरक्षा संबंधी कमियां पाई गईं। साथ ही संस्थान का प्रवेश मार्ग बेसमेंट से होकर तीसरी मंजिल तक जाने पर जिलाधिकारी ने गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि किसी आपातकालीन स्थिति में विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकालना कठिन हो सकता है। इस पर संबंधित संस्थान को नोटिस जारी कर जवाब तलब करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी, लेकिन संस्थान से यह स्पष्ट करने को कहा जाएगा कि वह किस आधार पर संचालित हो रहा है और सुरक्षा मानकों का पालन कैसे सुनिश्चित किया गया है। जांच रिपोर्ट और जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं सक्सेस पाठशाला में फायर सेफ्टी की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। वहां दो एग्जिट गेट, आपातकालीन निकास मार्ग, फायर सुरक्षा उपकरण तथा फायर फाइटिंग सिस्टम पूरी तरह क्रियाशील मिले।

भारत लाइब्रेरी में भी कुछ कमियां मिलने पर संचालकों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी संस्थानों को विद्युत एवं अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करने, फायर एक्सटिंग्विशरों का समय-समय पर नवीनीकरण कराने तथा पर्याप्त संख्या में सीओ-2 आधारित अग्निशामक यंत्र उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों और संबंधित अधिकारियों को जिला मुख्यालय सहित सभी तहसीलों में संचालित कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरी और छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। बिना आवश्यक अनुमति या सुरक्षा मानकों के संचालित संस्थानों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।

डीएम ने कहा कि जनपद में पंजीकृत संस्थानों की संख्या सीमित है, जबकि बड़ी संख्या में अन्य कोचिंग संस्थान भी संचालित हो रहे हैं। सभी तहसीलों से रिपोर्ट मिलने के बाद विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भवन निर्माण नियमों, अग्नि सुरक्षा मानकों एवं अन्य निर्धारित नियमों का पालन न करने वाले संस्थानों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी के निर्देश पर शाहगंज, बदलापुर समेत अन्य तहसीलों में भी उपजिलाधिकारियों ने क्षेत्राधिकारी और अग्निशमन विभाग की टीम के साथ बेसमेंट एवं अन्य संकुचित स्थानों में संचालित कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों की जांच की तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

