जलालपुर, जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के बीबनमऊ गांव में शनिवार सुबह ट्रांसफार्मर की अर्थिंग में करंट उतर जाने से एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की लापरवाही बताते हुए पीड़ित पशुपालक को मुआवजा देने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीबनमऊ निवासी दारा यादव की भैंस रोज की तरह उनका पुत्र गोलू चराने के लिए ले गया था। इसी दौरान ब्राह्मण बस्ती के पास लगे ट्रांसफार्मर की अर्थिंग में करंट प्रवाहित हो रहा था। घास चरते समय भैंस अर्थिंग की चपेट में आ गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल स्थानीय पुलिस और डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और विद्युत उपकेंद्र को अवगत कराया। इसके बाद मौके पर पहुंचे लाइनमैन ने विद्युत आपूर्ति बंद कर भैंस को करंट की चपेट से बाहर निकाला।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए लगभग एक लाख रुपये मूल्य की मृत भैंस का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

