• Thu. Jul 16th, 2026

    पम्पसेट की टंकी में डूबने से मासूम की मौत, मचा कोहराम

    Share

    बरसठी | थाना क्षेत्र के खुआवा गांव में बुधवार की शाम खेत की सिंचाई के लिए बने पम्पसेट के पानी की टंकी में डूबने से करीब तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। देर शाम परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया। गांव निवासी मुकेश उर्फ चंदन प्रजापति का पुत्र रुद्र प्रजापति अपने दादा राजेन्द्र प्रसाद उर्फ तलईराम के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित बगीचे में गया था। भीषण गर्मी और उमस के कारण दादा उसे साथ लेकर खुले हवा में बैठे थे। कुछ देर बाद दोनों घर लौट आए। घर पहुंचने पर दादा गाय दुहने में व्यस्त हो गए। इसी दौरान रुद्र चुपचाप दोबारा खेलते-खेलते बगीचे की ओर निकल गया। करीब 20 मिनट बाद गाय दुह कर जब उसकी तलाश की गई तो खोजबीन के दौरान बगीचे में सिंचाई के लिए बने पम्पसेट के पानी की टंकी में वह औंधे मुंह पड़ा मिला। परिजन आनन-फानन में उसे बाहर निकालकर निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रुद्र दो बहनों के बीच का मंझला और परिवार का इकलौता पुत्र था। उसकी असमय मौत से मां इन्द्रकला देवी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता मुकेश उर्फ चंदन प्रजापति गांव में दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मासूम की मौत के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। देर शाम परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए उसका अंतिम संस्कार कर दिया।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed