जौनपुर, 16 जुलाई। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन की अध्यक्षता में सिंचाई विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें खरीफ फसल के मद्देनजर किसानों को समय पर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने और नहरों के सुचारु संचालन की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी नहरों और उनकी शाखाओं की समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि सिंचाई का पानी अंतिम छोर तक पहुंचे और किसानों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने जल वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी करने तथा नहरों का लगातार निरीक्षण करने पर जोर देते हुए कहा कि जहां भी पानी न पहुंचने या अन्य तकनीकी समस्या की शिकायत मिले, उसका तत्काल समाधान कराया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को सिंचाई के लिए किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी अधिकारी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में ट्यूबवेलों की वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में अधिशासी अभियंता सिंचाई विपिन कुमार, सुनील कुमार गुप्ता, अधिशासी अभियंता नलकूप तथा सिंचाई विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


