• Thu. Aug 13th, 2026

    भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

    Share

    टाउन हॉल से कलेक्ट्रेट तक गूंजा भारत माता का जयकारा, शहीद स्तंभ व सरदार पटेल की प्रतिमा पर अर्पित की पुष्पांजलि

    जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति के नेतृत्व में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। राष्ट्रभक्ति और उत्साह से ओतप्रोत इस यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं आम नागरिक शामिल हुए। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर निकले लोगों के बीच भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से शहर का वातावरण देशभक्तिमय हो गया।

    तिरंगा यात्रा नगर पालिका टाउन हॉल से प्रारंभ हुई। यात्रा अटाला मस्जिद, ऐतिहासिक शाही किला, सद्भावना पुल और जोगियापुर सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट कचहरी परिसर पहुंची। पूरे मार्ग में कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते रहे। जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान प्रकट किया।

    कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचने के बाद भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने शहीद स्तंभ तथा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को नमन किया गया। पुष्पांजलि के बाद तिरंगा यात्रा का औपचारिक समापन हुआ।

    समापन अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और देशभक्ति के संकल्प को दोहराने का अवसर है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा और तिरंगा यात्रा के माध्यम से हम अपने अमर शहीदों को नमन कर रहे हैं। आज पूरा क्षेत्र तिरंगे के रंग में रंगा दिखाई दे रहा है, जो भारत की एकता और अखंडता का प्रतीक है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ समाज को जोड़ने का कार्य कर रहा है।

    उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर पूरा देश और प्रदेश तिरंगामय हो चुका है। तिरंगा यात्रा नई पीढ़ी को स्वतंत्रता के महत्व और वीर सेनानियों के बलिदान से परिचित कराने का प्रभावी माध्यम है। आज भारत सशक्त, आत्मनिर्भर और समृद्ध राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है। जब युवा हाथों में तिरंगा लेकर सड़कों पर निकलते हैं तो पूरी दुनिया को भारत की एकजुटता और राष्ट्रभक्ति का संदेश मिलता है।

    विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि हमारा राष्ट्रीय ध्वज हमें त्याग, शांति और समृद्धि की प्रेरणा देता है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से हम उन महान स्वतंत्रता सेनानियों को याद कर रहे हैं, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके बलिदान और संघर्ष के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं।

    विधायक रमेश सिंह ने कहा कि तिरंगा यात्रा समाज के अंतिम व्यक्ति तक देशभक्ति की भावना पहुंचाने का माध्यम है। आज भारत सीमाओं पर सुरक्षित होने के साथ ही आंतरिक रूप से भी मजबूत हो रहा है। हाथों में तिरंगा लिए प्रत्येक नागरिक देश की अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी यात्राएं युवाओं को राष्ट्रसेवा की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।

    विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के गौरव का प्रतीक है। तिरंगा हर भारतीय के भीतर राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना जगाता है। उन्होंने कहा कि जाति, धर्म और वर्ग से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में एकजुट होकर कार्य करना ही सच्ची देशभक्ति है। प्रत्येक नागरिक को ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए देश के विकास में योगदान देना चाहिए।

    पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने तिरंगे के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके सम्मान और देश की स्वतंत्रता के लिए भारत के वीर सपूतों ने हंसते-हंसते अपने प्राणों की आहुति दी। वरिष्ठों के मार्गदर्शन और युवाओं के उत्साह से निकली यह तिरंगा यात्रा ऐतिहासिक बन गई है। उन्होंने कहा कि ऐसी यात्राएं आने वाली पीढ़ियों को यह संदेश देती हैं कि राष्ट्र से बढ़कर कुछ भी नहीं है।

    पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय ने तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन के लिए कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा अब जनआंदोलन का रूप ले चुकी है। संगठन और आम जनता के सहयोग से निकली इस यात्रा ने यह संदेश दिया है कि राष्ट्र के स्वाभिमान और सम्मान के मुद्दे पर पूरा समाज एकजुट है। हर घर तिरंगा फहराना केवल अभियान नहीं, बल्कि भारत माता के प्रति अटूट निष्ठा का प्रतीक है।

    इस अवसर पर पूर्व विधायक बाकेलाल सोनकर, नागेश्वर पांडेय, जिला उपाध्यक्ष पंकज मिश्रा, राज पटेल, परविंद चौहान, अमित श्रीवास्तव, विनय सिंह, अजय सरोज, नीरज मौर्य, पुष्पा निषाद, जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता, संदीप तिवारी, अजय सिंह, जिला मंत्री संतोष मिश्रा, राजकेशर पाल, धमेन्द्र मिश्रा, डॉ. देवी प्रसाद सिंह, अंशू, राजेश गुप्ता, सुधांशु सिंह, विकास शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष रीता जायसवाल, दीपक सिंह (मान्टो), घनश्याम यादव, जिला मीडिया प्रभारी आमोद सिंह, डॉ. अमरनाथ पांडेय, रोहन सिंह, अमित पाठक, कुंवर दिग्विजय सिंह, सिद्धार्थ राय, अवनीश यादव, नरेंद्र उपाध्याय, अनिल गुप्ता, मेराज हैदर, राखी सिंह, नीरज मौर्य, प्रमोद प्रजापति, अतुल सिंह, शुभम मौर्य सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।

    Tr

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *