जौनपुर। केराकत तहसील क्षेत्र के गोबरा गुरुदेवनगर स्थित नेताजी मुलायम सिंह यादव अखाड़े में युवाओं को निःशुल्क कुश्ती प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यहां बड़ी संख्या में युवा और बच्चे पारंपरिक दांव-पेंच सीख रहे हैं। इस अखाड़े का संचालन समाजवादी पार्टी के केराकत विधानसभा अध्यक्ष नीरज पहलवान द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कुश्ती भारत की प्राचीन और पारंपरिक खेल विधा है, जिसे बढ़ावा देना आवश्यक है। उनका उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को खेलों से जोड़कर उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाना है। अखाड़े में अमन पहलवान, गजराज पहलवान और लकी पहलवान जैसे खिलाड़ी नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। नीरज पहलवान ने कहा कि आज के समय में युवा मोबाइल और नशे की लत की ओर बढ़ रहे हैं, ऐसे में कुश्ती जैसे खेल उन्हें अनुशासन और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास के साथ उचित मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना की है। उनका कहना है कि इससे क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और ग्रामीण खेल संस्कृति को नई पहचान मिलेगी।
गोबरा गुरुदेवनगर में निःशुल्क कुश्ती प्रशिक्षण, युवाओं में बढ़ा उत्साह

