जौनपुर। शहर के चांदमारी स्थित मुरादगंज मोहल्ले में एक मकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना में घर में रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूनम तिवारी पत्नी माता शंकर तिवारी, निवासी आराजी भूपतपट्टी, चांदमारी, मुरादगंज, जौनपुर के घर में अचानक आग लग गई। आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। आग लगते ही घर के लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, जरूरी दस्तावेज और अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो चुका था। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पीड़ित परिवार ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और सभी ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।









