• Wed. May 13th, 2026

    मिट्टी डलवाने के विवाद में मारपीट, पिता-पुत्री से अभद्रता

    Share

    बरसठी, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के गहलाई गांव में मिट्टी डलवाने को लेकर हुए विवाद में एक पक्ष पर वृद्ध और उनकी पुत्री के साथ मारपीट तथा अभद्रता करने का आरोप लगा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव निवासी महताब बानो ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि वह अपने 94 वर्षीय पिता के साथ घर में मिट्टी डलवा रही थीं। इसी दौरान गांव निवासी अब्दुल रहमान उर्फ कल्लू वहां पहुंच गया और उनके पिता के साथ मारपीट करने लगा। आरोप है कि पिता के गिर जाने के बाद भी उन्हें लात-घूंसे से मारता रहा।महताब बानो का आरोप है कि जब उन्होंने घटना का वीडियो बनाने का प्रयास किया तो आरोपित ने मोबाइल और चश्मे पर झप्पटा मारकर छीनते हुए उनके साथ भी मारपीट की। शोर सुनकर पहुंचे चालक ने बीच-बचाव कर दोनों को बचाया। आरोप है कि विपक्षी ने जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अब्दुल रहमान उर्फ कल्लू समेत अन्य के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 351(3) और 324(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

    रुपये मांगने पर पिता से मारपीट, बेटे के खिलाफ प्राथमिकी

    बरसठी थाना क्षेत्र के जमुनीपुर गांव में रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि रुपये न देने पर युवक ने गाली-गलौज करते हुए अपने पिता की पिटाई कर दी और जान से मारने की धमकी दी। गांव निवासी राजेश शुक्ला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र अंकित शुक्ला उनसे रुपये मांग रहा था। रुपये देने से इनकार करने पर उसने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मारपीट की। आरोप है कि जाते समय उसने जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *