• Wed. May 13th, 2026

    पोटरिया गांव में चोरी से सनसनी, लाखों के जेवर और नकदी पार

    Share

    करंजाकला (जौनपुर)। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पोटरिया गांव में सोमवार देर रात चोरों ने एक घर में घुसकर लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ली। घटना के समय परिवार के अधिकांश सदस्य छत पर सो रहे थे। मंगलवार सुबह जब परिजन नीचे पहुंचे तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी गायब थी। यह देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। पीड़ित राममिलन विश्वकर्मा ने बताया कि चोर घर में रखी अलमारी उठा ले गए थे। बाद में गांव से करीब 500 मीटर दूर खेत में टूटी हुई अलमारी मिली। अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और करीब 60 हजार रुपये नकद गायब थे। चोरी गए सामान में सोने की चेन, अंगूठी, झुमके, बाली, झाला, बाला समेत कई कीमती जेवर शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही सरायख्वाजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *