मड़ियाहूं, जौनपुर। मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के सरौना गांव में थाना समाधान दिवस पर प्राप्त शिकायत के बाद प्रशासन ने सार्वजनिक रास्ते से अतिक्रमण हटवा दिया। गांव निवासी सुषमा विश्वकर्मा समेत अन्य ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि पड़ोसियों ने रास्ते पर सीढ़ी बनाकर और बांस-बल्लियां लगाकर आवागमन बाधित कर दिया है।
थाना प्रभारी के निर्देश पर क्षेत्रीय लेखपाल धीरेन्द्र प्रताप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। संयुक्त कार्रवाई के दौरान रास्ते पर बनी अवैध सीढ़ी को हटवाया गया और बांस-बल्लियां भी हटाकर सार्वजनिक मार्ग को आवागमन के लिए सुचारु कराया गया।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों ने संतोष जताते हुए थाना प्रभारी और राजस्व विभाग की सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि समाधान दिवस के माध्यम से उनकी समस्या का शीघ्र निस्तारण होने से शासन-प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ है।


