योग सप्ताह के पांचवें दिन एचआईवी पीड़ितों के साथ योगाभ्यास कर दिया सामाजिक समरसता का संदेश
जौनपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित योग सप्ताह के पांचवें दिन एचआईवी पॉजिटिव व्यक्तियों के साथ योगाभ्यास कर समाज को सकारात्मक एवं प्रेरणादायक संदेश दिया। जिलाध्यक्ष भाजपा अजीत प्रजापति ने कहा कि एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों को पौष्टिक एवं सुपाच्य भोजन नियमित रूप से लेना चाहिए तथा किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहना चाहिए। एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों को सलाह दी कि वे मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, कोलेस्ट्रॉल, किडनी एवं लीवर संबंधी समस्याओं जैसी जीवनशैली जनित बीमारियों से बचाव के लिए संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या एवं योग को अपनाएं। साथ ही प्रदूषित जल एवं प्रदूषित वायु से बचाव तथा नियमित ध्यान एवं व्यायाम पर भी बल दिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी धुव खाड़िया ने कहा कि एचआईवी पीड़ित व्यक्तियों के साथ सामान्य सामाजिक संपर्क, साथ बैठने, मिलने-जुलने अथवा योगाभ्यास करने से किसी प्रकार का संक्रमण नहीं फैलता है। उन्होंने समाज से अपील की कि एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति किसी भी प्रकार की भ्रांतियां अथवा नकारात्मक धारणाएं न रखें तथा उन्हें सम्मान और सहयोग प्रदान करें। उन्होंने एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों को भी अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत बनाए रखने हेतु नियमित योग, व्यायाम एवं अन्य स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों में सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कमल ने कहा कि आयुर्वेदिक जीवनशैली एवं औषधियां रोग प्रतिरोधक क्षमता को सुदृढ़ बनाने में सहायक हो सकती हैं।
पतंजलि योग समिति उत्तर प्रदेश के सह राज्य प्रभारी अचल हरिमूर्ति एवं मुख्य योग शिक्षक अरविंद ने योग प्रोटोकॉल के अतिरिक्त रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने वाले विभिन्न योगाभ्यासों का अभ्यास कराया तथा उनके लाभों की जानकारी दी। श्री हरिमूर्ति ने बताया कि शरीर में रक्त संचार एवं प्राणवायु के प्रवाह में असंतुलन होने पर रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित होती है। नियमित रूप से कपालभाति, भस्त्रिका, भ्रामरी एवं उद्गीथ प्राणायाम का अभ्यास शरीर को स्वस्थ रखने में सहायक हो सकता है। इस अवसर मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नवीन सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नरेंद्र विश्वकर्मा, जिला उद्यान अधिकारी सीमा सिंह, प्रदीप कुमार पांडेय, मनोज कुमार सिंह, शशिभूषण यादव, नंदलाल, निलेश, राजन सिंह, धर्मेन्द्र कुमार, वीरेन्द्र यादव, योग प्रशिक्षक त्र्यंबकम मिश्रा, क्षमा सिंह, सुप्रिया, अंकित जायसवाल, लोकेश कुमार, राज यादव, दीपक सहित आयुष विभाग के सभी कर्मचारी, योग शिक्षक तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इसी क्रम में शुक्रवार को मिनी औद्योगिक आस्थान, कौड़िया शाहगंज में उद्यमियों द्वारा योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उद्यमी संघ के अध्यक्ष अरविन्द सिंह, उपाध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव, मंत्री विवेक सिंह, अनिल सिंह सहित अन्य उद्यमियों ने सहभागिता करते हुए योगाभ्यास किया तथा नियमित योग को स्वस्थ जीवनशैली का आधार बताया।
एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति किसी भी प्रकार की नकारात्मक धारणाएं न रखें :

