जौनपुर। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार को जिला कारागार का मासिक औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं और साफ-सफाई का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार परिसर, बैरकों, भोजनालय, चिकित्सालय तथा सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया।
इस दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा कारागार प्रशासन को निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सुरक्षा कर्मियों को सतर्कता बरतने और नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने भोजन की गुणवत्ता, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं स्वच्छता व्यवस्था का भी निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव, सहायक पुलिस अधीक्षक नगर/अपराध गोल्डी गुप्ता सहित कारागार प्रशासन के अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


