• Wed. May 27th, 2026

    तीन वर्षों में 50 करोड़ से अधिक के विकास कार्य हुए: कपिल मुनि

    Share

    मुंगराबादशाहपुर (जौनपुर)। नगर पालिका परिषद मुंगराबादशाहपुर के तीन वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर पालिकाध्यक्ष कपिल मुनि ने नगर पालिका परिषद के नवनिर्मित स्वामी विवेकानंद सभागार में पत्रकार वार्ता आयोजित कर अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने दावा किया कि पिछले तीन वर्षों में नगर क्षेत्र में लगभग 50 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए गए हैं, जबकि आगामी शेष कार्यकाल में भी लगभग इतने ही विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार की जा चुकी है।

    पालिकाध्यक्ष कपिल मुनि ने कहा कि नगर में हुए विकास कार्यों का असर अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है और नगर की जनता भी इस बदलाव को महसूस कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्तमान बोर्ड का कार्यकाल समाप्त होते-होते मुंगराबादशाहपुर नगर की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी और नगर पालिका परिषद प्रदेश की प्रमुख नगर निकायों में अपनी पहचान बनाएगी।

    उन्होंने कहा कि मुंगराबादशाहपुर पूर्वांचल का एक महत्वपूर्ण नगर है, जो तीन जिलों की सीमा पर स्थित होने के साथ-साथ व्यापारिक और औद्योगिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी सरकार के सहयोग से नगर के विकास के लिए भेजी गई योजनाओं को शासन स्तर से मंजूरी मिली और पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराई गई।

    पालिकाध्यक्ष ने अपने कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में श्री मनोकामना सिद्ध दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर, सूर्यकुंड सरोवर, नगर पालिका परिसर में बने स्वामी विवेकानंद सभागार, सरोखनपुर वार्ड स्थित तालाब का सुंदरीकरण, प्रयागराज मार्ग से रेलवे क्रॉसिंग तथा डाकबंगला से सतहरिया तक जल निकासी के लिए नालों का निर्माण, नगर एवं विस्तारित क्षेत्रों में पथ प्रकाश व्यवस्था तथा श्री कान्हा गौशाला जैसी योजनाओं का उल्लेख किया।

    उन्होंने नगरवासियों एवं सभी सभासदों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों ने राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर नगर विकास में सहयोग किया, जिसके कारण आज मुंगराबादशाहपुर नगर विकास का उदाहरण बनकर उभर रहा है।

    इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी अखिलेश तिवारी, राजस्व निरीक्षक रामानुज शुक्ला, अवर अभियंता प्रशांत राय, अवर अभियंता ओमप्रकाश सहित नगर पालिका परिषद के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed