खुटहन (जौनपुर)। खुटहन थाना क्षेत्र के मरहट नहर पुलिया के पास मंगलवार को नहाते समय तेज बहाव में लापता हुए गूंगे-बहरे युवक का शव लगभग नौ घंटे की तलाश के बाद गोताखोरों ने बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने खुटहन-खेतासराय मार्ग पर लगाया गया जाम समाप्त कर दिया।
ताजूपुर गांव निवासी राधेश्याम गौतम का 20 वर्षीय पुत्र राजन गौतम, जो बचपन से ही बोलने और सुनने में असमर्थ था, मंगलवार को मरहट नहर पुलिया के पास नहाने के दौरान तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया, लेकिन कई घंटों तक सफलता नहीं मिली।
नहर का पानी बंद कराने में विलंब होने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने खोज अभियान तेज करने की मांग को लेकर खुटहन-खेतासराय मार्ग जाम कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया। बाद में करीब नौ घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने युवक का शव नहर से बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


