• Sat. May 23rd, 2026

    भाजपा राष्ट्र निर्माण का आंदोलन, कार्यकर्ता इसकी सबसे बड़ी ताकत: स्वतंत्र देव सिंह

    Share

    जिला प्रशिक्षण वर्ग में बोले जल शक्ति मंत्री, सेवा और संगठन को बताया भाजपा की पहचान

    जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन जिला अध्यक्ष अजीत प्रजापति की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, सेवा भाव और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का संदेश दिया।

    उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा केवल चुनाव जीतने वाली राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि देश के सांस्कृतिक गौरव की पुनर्स्थापना और राष्ट्र निर्माण का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को “राष्ट्र प्रथम” का संकल्प दिलाते हुए कहा कि भाजपा में व्यक्ति नहीं, बल्कि विचारधारा और कार्यकर्ता सर्वोपरि होते हैं। हमारे लिए दल से बड़ा देश है और यही भावना भाजपा को अन्य राजनीतिक दलों से अलग पहचान देती है।

    उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सादगी, विनम्रता और सेवा भाव के साथ जनता के बीच जाएं तथा उनके सुख-दुख के सहभागी बनें। केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हर घर नल से जल, मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास जैसी योजनाओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाया है।

    जल शक्ति मंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे योजनाओं के लाभार्थियों से निरंतर संपर्क बनाए रखें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी सुविधाओं से वंचित न रह जाए। उन्होंने संगठन में अनुशासन, समर्पण और शुचिता को सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों पर चलते हुए भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है। यह उपलब्धि लाखों कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या और सेवा भावना का परिणाम है।

    कार्यक्रम में गिरीश चंद्र यादव, रमेश मिश्र, बृजेश सिंह, मनीष शुक्ला, के.पी. सिंह, महेश चंद्र श्रीवास्तव, अशोक चौरसिया, सुशील उपाध्याय, कृपाशंकर सिंह, अजय शंकर दुबे, पीयूष गुप्ता, संदीप तिवारी, अजय सिंह, मनोरमा मौर्य, गीता बिंद सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

    Ashirwad IVF Centre Jaunpur
    Ashirwad IVF Centre Jaunpur

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *