• Sat. Jun 20th, 2026

    केराकत तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस, 428 शिकायतें प्राप्त; 30 का मौके पर निस्तारण

    Share

    जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह की उपस्थिति में शुक्रवार को तहसील केराकत सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

    समाधान दिवस में ग्राम हुरहुरी निवासी रामअसरे मौर्य ने भूमि की पैमाइश कराकर अवैध कब्जा हटवाने की मांग की। उन्होंने बताया कि सहखातेदार द्वारा भूमि पर कब्जा कर निर्माण कर लिया गया है और कई बार आवेदन देने के बावजूद पैमाइश नहीं कराई गई। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी केराकत को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

    वहीं ग्राम तरियारी निवासी सुरेंद्र विश्वकर्मा ने सरकारी चकमार्ग से अतिक्रमण हटवाकर सीमांकन और मार्ग निर्माण कराने की मांग की। शिकायत पर जिलाधिकारी ने क्षेत्राधिकारी केराकत को टीम गठित कर जांच करने और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

    समाधान दिवस में भूमि विवाद, पैमाइश, अतिक्रमण, राजस्व और अन्य विभागों से संबंधित बड़ी संख्या में शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता, संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने राजस्व और पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से मौके पर जाकर जांच करने, आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा न्यायालयों के आदेशों का समय पर पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

    पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

    संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 428 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 30 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

    इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम, उपजिलाधिकारी केराकत, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed