खुटहन (जौनपुर)। खुटहन थाना क्षेत्र के दरना गांव में सामूहिक नाली का पानी रोकने का विरोध करना एक महिला को महंगा पड़ गया। आरोप है कि पड़ोस के दो युवकों ने महिला के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। पीड़िता ने दोनों आरोपितों के खिलाफ थाने में नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता जड़ावती देवी, पत्नी इंद्रजीत यादव, ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि बस्ती के जल निकास के लिए बनी नाली से पूरे गांव का पानी बहता है। आरोप है कि पड़ोस के दो युवकों ने नाली में मिट्टी डालकर उनके घर के सामने पानी का बहाव रोक दिया।
महिला के विरोध करने पर दोनों आरोपित गाली-गलौज पर उतर आए और लाठी-डंडों व लात-घूंसों से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गईं। परिजनों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

