जलालपुर (जौनपुर), 16 जून। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. गंगाराम गौतम ने मंगलवार को जलालपुर ब्लॉक अंतर्गत रेहटी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तथा त्रिलोचन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने सुबह 10:15 बजे से 10:45 बजे तक सीएचसी रेहटी का निरीक्षण किया। इस दौरान अधीक्षक डॉ. आलोक कुमार सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का जायजा लेकर भर्ती मरीजों से उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में चार प्रसूताएं भर्ती मिलीं, जबकि उस समय 48 मरीजों की ओपीडी संचालित हो रही थी। वहीं 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 10 टीबी पॉजिटिव मरीजों का उपचार प्रारंभ किया गया। इसके अतिरिक्त चार लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा आठ गैर संचारी रोग (एनसीडी) से संबंधित मरीजों की जांच एवं उपचार किया गया।
सीएमओ ने उपस्थिति पंजिका की जांच की, जिसमें सभी चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित पाए गए। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को समय से अस्पताल पहुंचने तथा मरीजों को बाहर की दवाएं न लिखने के निर्देश दिए। साथ ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
इसके बाद सीएमओ ने त्रिलोचन स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान डिलेवरी रूम में गंदगी मिलने पर उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. शैलेन्द्र सिंह को फटकार लगाई और तत्काल साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

