जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र में एक युवती से छेड़छाड़, अश्लील हरकत करने और शादी का दबाव बनाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी रिश्तेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि आरोपी संदीप खरवार, जो रिश्तेदार होने के कारण घर आता-जाता था, 4 जुलाई की रात घर में युवती को अकेला पाकर उसके साथ अश्लील हरकत की। पीड़िता की मां का कहना है कि आरोपी ने युवती की आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी और शादी के लिए दबाव बनाया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। बक्शा थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


