• Wed. Jul 15th, 2026

    संचारी रोगों से बचाव को लेकर चला जागरूकता अभियान, अधिकारियों ने किया निरीक्षण

    Share

    जौनपुर, 15 जुलाई। संचारी दस्तक अभियान के तहत जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव एवं सहायक मलेरिया अधिकारी अशोक कुमार ने फाइलेरिया निरीक्षक अभिषेक सोनकर के साथ नगर के नखास मोहल्ले तथा सिकरारा ब्लॉक के बढ़ौना और लालबाजार क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अभियान के तहत चल रही गतिविधियों का जायजा लिया गया और स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के समय बीसीपीएम अजीत सिंह, एएनएम, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी मौजूद रहीं।

    अधिकारियों ने क्षेत्रीय लोगों से संवाद कर संचारी दस्तक अभियान की जानकारी ली तथा पोस्टर, बैनर और पंपलेट के माध्यम से संक्रामक रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया। आशा कार्यकर्ताओं को कार्ययोजना के अनुसार घर-घर भ्रमण, लक्षणयुक्त मरीजों की पहचान कर उनका विवरण ई-कवच पोर्टल पर अपलोड करने, एंटोमोलॉजिकल सर्वे, सोर्स सर्वे और सोर्स रिडक्शन जैसे कार्य प्रभावी ढंग से करने के निर्देश दिए गए।

    अधिकारियों ने बताया कि 1 से 31 जुलाई तक चल रहे इस अभियान में स्वास्थ्य, बाल विकास, पंचायती राज, नगर विकास, पशुपालन, कृषि एवं शिक्षा विभाग संयुक्त रूप से कार्य कर रहे हैं। विभिन्न विभागों द्वारा साफ-सफाई, जल निकासी, एंटी लार्वा स्प्रे, झाड़ियों की कटाई तथा जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। विद्यालयों में रैली, गोष्ठी और पोस्टर प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को भी जागरूक किया जा रहा है।

    जिला मलेरिया अधिकारी ने लोगों से अपील की कि घरों के आसपास साफ-सफाई रखें, कहीं भी पानी जमा न होने दें, टंकियों को ढककर रखें, सप्ताह में एक बार कूलर एवं अन्य पात्रों का पानी बदलें, मच्छरदानी का प्रयोग करें तथा बुखार या अन्य लक्षण होने पर तत्काल नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच एवं उपचार कराएं। उन्होंने बताया कि जनपद के सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला चिकित्सालय, मेडिकल कॉलेज और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में जांच, दवाएं एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *