बरसठी | थाना क्षेत्र के कटवार बाजार के पास एक अधेड़ की मंगलवार देर शाम साइकिल से गिरने के बाद मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। निगोह (आमापुर) गांव निवासी सेवालाल सरोज (55) पुत्र चन्नू सरोज साइकिल पर धान की भूसी लादकर कटवार रेलवे स्टेशन की ओर से अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि कटवार बाजार से करीब 200 मीटर पहले वह अचानक साइकिल से गिर पड़े। आसपास मौजूद लोग उन्हें संभालने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। अधेड़ की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया तबीयत बिगड़ने के कारण गिरने से मौत होने की आशंका है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।


