मड़ियाहूं। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के पट्टी गांव में फिरौती के लिए युवक का अपहरण कर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सात आरोपितों के खिलाफ हत्या के प्रयास, अपहरण और फिरौती सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पट्टी गांव निवासी सलामत अली ने कोतवाली में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि शनिवार शाम उनका छोटा भाई नियामत अली घर पर बैठा था। तभी बोलेरो वाहन से नदियाँव गांव निवासी प्रवेश यादव, रमेश यादव तथा उनके साथी शिवम दुबे उर्फ अंचल, शुभम दुबे उर्फ शिवम, अभिषेक उर्फ मोनू, अजय उर्फ गोली और मुकेश दुबे मौके पर पहुंचे। आरोप है कि आरोपितों ने पहले पैसे की मांग की और विरोध करने पर जबरन युवक को वाहन में बैठाकर ले गए।
पीड़ित पक्ष के अनुसार युवक को गांव से कुछ दूरी पर ले जाकर लाठी, डंडा और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि हमलावरों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद परिजनों ने घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।


