बरसठी | थाना क्षेत्र के सुखलालगंज बाजार में मंगलवार को उधार समोसा न देने पर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने महिला दुकानदार पर खौलता तेल फेंक दिया। घटना में महिला झुलस गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उक्त बाजार निवासी पूनम पत्नी प्रेम शंकर अपनी दुकान पर थीं। आरोप है कि इसी दौरान बाजार निवासी अमीन उर्फ दत्तन उधार समोसा मांगने पहुंचा। महिला द्वारा उधार देने से मना करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि गुस्से में अमीन ने कड़ाही में खौल रहा तेल महिला की ओर फेंक दिया। बचाव के प्रयास में तेल उनके पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों पर गिर गया, जिससे वह झुलस गईं। घटना के बाद बाजार में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने बताया कि आरोपी अमीन उर्फ दत्तन को गिरफ्तार कर लिया गया है। तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। स्थिति सामान्य है और एहतियातन क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

