• Wed. May 13th, 2026

    लापता 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव नदी से बरामद, दो लोग गिरफ्तार

    Share

    जौनपुर। केराकत कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार रात करीब 9:30 बजे लापता 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव 24 घंटे बाद नदी से बरामद किया गया। मृतक 6 मई की रात से लापता थे। परिजनों ने दो लोगों पर संदेह जताते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। जानकारी के अनुसार, केराकत कोतवाली क्षेत्र के नालापार स्थित नावघाट मोहल्ला निवासी बंगाली निषाद इलेक्ट्रॉनिक वायरिंग का काम करते थे। उनकी पत्नी का आरोप है कि 6 मई की रात करीब 9:30 बजे मोहल्ले के ही दो लोग उन्हें काली मंदिर के पास स्थित पान की दुकान से अपने साथ ले गए थे। परिजनों ने देर रात तक उनके घर न लौटने पर खोजबीन शुरू की। इसी दौरान सीसीटीवी फुटेज में रात 9:38 बजे बंगाली निषाद दोनों लोगों के साथ जाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर अनहोनी की आशंका जताई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों नामजद लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में साहबलाल निषाद ने बताया कि वह और बंगाली निषाद नदी किनारे बैठे थे, तभी संतुलन बिगड़ने से बंगाली निषाद नदी में गिर गए। उन्होंने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद पुलिस ने साहबलाल की निशानदेही पर गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश अभियान चलाया, जिसमें कुछ देर बाद बंगाली निषाद का शव बरामद कर लिया गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और मोहल्ले में भारी भीड़ जुट गई। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार पांडे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में मुकदमा दर्ज कर विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *