• Wed. May 13th, 2026

    स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, अब हर बिजली उपकेंद्र पर बनेगा अलग शिकायत रजिस्टर

    Share

    जौनपुर। जिले में स्मार्ट मीटर से जुड़ी उपभोक्ताओं की बढ़ती समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए विद्युत विभाग ने एक महत्वपूर्ण सुधारात्मक कदम उठाया है। अधीक्षण अभियंता (विद्युत वितरण मंडल-प्रथम) इंजीनियर मनोज कुमार गुप्ता द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अब जिले के सभी 33/11 विद्युत उपकेंद्रों पर स्मार्ट मीटर संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए एक अलग से विशेष रजिस्टर रखा जाएगा। विभाग ने यह निर्णय इसलिए लिया है क्योंकि रोजाना स्मार्ट मीटर की शिकायतों का समय पर समाधान न होने के कारण उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था और उन्हें दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे थे।
    जारी निर्देश में स्पष्ट कहा गया है कि सभी अवर अभियंता (JE) अपने-अपने उपकेंद्रों पर स्मार्ट मीटर की शिकायतों के लिए एक समर्पित रजिस्टर बनाना सुनिश्चित करेंगे। इस रजिस्टर में दर्ज होने वाली समस्याओं का उपखंड अधिकारी (SDO) और अवर अभियंता के माध्यम से प्रतिदिन या अगले कार्य दिवस तक अनिवार्य रूप से समाधान किया जाएगा। यदि किसी भी स्तर पर समस्या का समाधान करने में कठिनाई आती है, तो इसकी सूचना तुरंत उच्चाधिकारियों को देनी होगी। इस कदम से न केवल उपभोक्ताओं की भाग-दौड़ कम होगी, बल्कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और तेजी भी आएगी। यह आदेश केराकत (ग्रामीण), जौनपुर (नगर) और बक्शा सहित सभी संबंधित क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *