जौनपुर। जिला समाज कल्याण अधिकारी नीरज पटेल ने बताया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत सत्र 2026-27 के लिए निःशुल्क प्रतियोगी कोचिंग कक्षाओं में अध्यापन एवं मार्गदर्शन हेतु अतिथि व्याख्याताओं, प्रवक्ताओं और विषय विशेषज्ञों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
यूपीएससी, यूपीपीएससी, नीट तथा एसएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के विषयों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। यूपीएससी और पीसीएस के लिए विश्वविद्यालय एवं राजकीय महाविद्यालयों के शिक्षक, आईएएस (मुख्य) या पीसीएस साक्षात्कार अथवा दो बार पीसीएस मुख्य परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
नीट के लिए भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान विषयों में प्रथम श्रेणी से एमएससी अथवा एमबीबीएस, बीएएमएस, बीडीएस की योग्यता तथा प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान में कम से कम तीन वर्ष का अध्यापन अनुभव वांछनीय है। वहीं एसएससी के लिए मैथ, रीजनिंग, अंग्रेजी और सामान्य अध्ययन में दो वर्ष तथा सामान्य हिंदी एवं अंग्रेजी के लिए संबंधित विषय में परास्नातक के साथ तीन वर्ष का अध्यापन अनुभव आवश्यक होगा।
इच्छुक अभ्यर्थी 25 जून से 10 जुलाई 2026 तक विकास भवन प्रथम तल स्थित समाज कल्याण विभाग के कक्ष संख्या-115 में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आवेदन पत्र प्राप्त कर अपने शैक्षिक प्रमाणपत्रों के साथ आवेदन जमा कर सकते हैं।
अधिक जानकारी के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी के मोबाइल नंबर 9151935285 एवं 6392402908 पर संपर्क किया जा सकता है।

