• Fri. Jun 19th, 2026

    सीए परीक्षा उत्तीर्ण कर अनुष्का ने बढ़ाया जौनपुर का मान, क्षेत्र में खुशी की लहर

    Share

    जौनपुर। केराकत तहसील क्षेत्र के बेहड़ा गांव की निवासी अनुष्का उमेश शुक्ला ने प्रतिष्ठित चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) परीक्षा उत्तीर्ण कर अपने परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से गांव और परिजनों में खुशी का माहौल है तथा उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

    अनुष्का महर्षि दयानंद कॉलेज, परेल (मुंबई) के उप-प्राचार्य, हिंदी विभागाध्यक्ष एवं प्रख्यात गजलकार डॉ. उमेश चंद्र शुक्ल की पुत्री हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासित अध्ययन के बल पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। कठिन मानी जाने वाली सीए परीक्षा में सफलता प्राप्त कर उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।

    सीए परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद मुंबई स्थित उनके आवास के साथ-साथ पैतृक गांव बेहड़ा में भी खुशी का माहौल है। परिजनों, शिक्षकों, शुभचिंतकों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने अनुष्का को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। गांव में भी लोगों ने उनकी सफलता को क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया।

    इस अवसर पर डॉ. उमेश चंद्र शुक्ल ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की वास्तविक कुंजी है। उन्होंने कहा कि अनुष्का की यह उपलब्धि अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर आगे बढ़ने का संदेश देगी।

    अनुष्का की इस उपलब्धि की पूरे क्षेत्र में सराहना की जा रही है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों और युवाओं के बीच उनकी सफलता चर्चा का विषय बनी हुई है। लोगों का कहना है कि अनुष्का ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और कठिन परिश्रम के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed