खुटहन | जौनपुर
शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के पक्का पोखरा निवासी 10 वर्षीय राखी मोदनवाल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
जानकारी के अनुसार, बालिका के पिता प्रदीप मोदनवाल अपने पुत्र प्रियांशु के साथ शव को कफन में लपेटकर बिना तिकठी के पिलकिछा श्मशान घाट पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वे शव का जल प्रवाह करने की तैयारी में थे। इसी दौरान मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी।
सूचना पर पहुंची खुटहन पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही पिता और पुत्र को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए शाहगंज कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पिता का कहना है कि परिवार के अन्य सदस्य मजदूरी करने गए थे। घर लौटने पर उनकी बेटी फंदे से लटकी मिली। स्थानीय लोगों की सलाह पर पुलिस को सूचना दिए बिना अंतिम संस्कार का प्रयास किया गया।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

