जौनपुर। दीवानी अधिवक्ता संघ की कार्यकारिणी के चुनाव को लेकर चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। सर्वसम्मति से तय कार्यक्रम के अनुसार 11 सितंबर 2026 को सुबह 9 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू होगी। मतदान के लिए दोपहर 1 से 2 बजे तक मध्यावकाश रहेगा, जबकि दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक पुनः मतदान कराया जाएगा।
चुनाव में मतदान करने वाले सभी अधिवक्ताओं को दीवानी अधिवक्ता संघ का पहचान पत्र तथा उत्तर प्रदेश बार काउंसिल से जारी सीओपी पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। निर्धारित पहचान पत्र प्रस्तुत किए बिना मतदान की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मतगणना 12 सितंबर को सुबह 9 बजे से शुरू होगी और सभी पदों की मतगणना पूरी होने तक जारी रहेगी। मतगणना के दौरान दोपहर 1 से 2 बजे तक मध्यावकाश रहेगा। आवश्यकता के अनुसार शाम 5 बजे आधे घंटे का जलपान अवकाश भी किया जा सकेगा।
चुनाव कार्यक्रम में यह भी स्पष्ट किया गया है कि मतदान एवं मतगणना के दौरान किसी भी प्रत्याशी, उनके समर्थक अथवा मतदाता द्वारा किसी प्रकार का व्यवधान, हस्तक्षेप या बाधा उत्पन्न नहीं की जाएगी। सभी से चुनाव प्रक्रिया के दौरान पूर्ण शांति एवं अनुशासन बनाए रखने की अपील की गई है, ताकि मतदान एवं मतगणना का कार्य सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।
चुनाव कार्यक्रम की निगरानी के लिए पर्यवेक्षकों एवं निर्वाचन अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित की गई है। मुख्य चुनाव अधिकारी राजेंद्र प्रसाद सिंह एडवोकेट, उप मुख्य चुनाव अधिकारी/प्रशासन राजीव कुमार गुप्ता एडवोकेट, सहायक चुनाव अधिकारी कमला प्रसाद यादव एडवोकेट एवं गौरी शंकर मिश्रा एडवोकेट सहित पर्यवेक्षक संतोष कुमार श्रीवास्तव एडवोकेट, दिनेश प्रताप सिंह एडवोकेट तथा रजनीश प्रकाश पांडेय एडवोकेट की मौजूदगी में चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।


